नई दिल्ली : देश के प्रतिष्ठित सम्मान पद्मभूषण से सम्मानित भगत सिंह कोश्यारी के सम्मान में फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल ने किया अभिनंदन समारोह

नई दिल्ली : उत्तराखण्ड की अस्मिता को सशक्त स्वर देने वाले उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल आदरणीय श्री भगत सिंह कोश्यारी जी को देश के प्रतिष्ठित पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर आज प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया दिल्ली में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मण्डल एवं भाजपा नई दिल्ली जिला द्वारा अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उत्तराखंड मूल के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीए राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को मिला यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लोगों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी जी का 66 वर्षों का सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन अत्यंत गौरवपूर्ण रहा है। उन्होंने पत्रकारिता, शिक्षा और राजनीति के क्षेत्र में अतिविशिष्ट योगदान देकर समाज और राष्ट्र की सेवा की है, जिसके लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सदैव जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी।

अभिनंदन समारोह में पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है और राज्य के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों से समाज के उत्थान एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश सेमवाल, डॉ. विनोद बछेती, डॉ. हरिसुमन बिष्ट सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए भगत सिंह कोश्यारी के सरल व्यक्तित्व, जनसेवा और राष्ट्रनिष्ठा की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

समारोह के दौरान पंकज पैन्यूली, प्रताप थलवाल, मुरार कंडारी, सत्यप्रकाश नौटियाल, अनिल पंत, गिरीश शर्मा, मोहन सिंह रावत, हरीश असवाल, मनमोहन शाह, श्रीमती मीना कंडवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकजुटता का भी विशेष संदेश देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *