मिनी गढ़देवा खेल प्रतियोगिता 2026 में ट्रॉफी के साथ मंगलम फाउंडेशन की टीममिनी गढ़देवा खेल प्रतियोगिता 2026: खिर्सू बना ओवरऑल चैम्पियन, मंगलम फाउंडेशन ने खिलाड़ियों को कराया भोजन

श्रीनगर गढ़वाल : श्रीकोट गंगनाली स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में आयोजित जनपद स्तरीय शरदकालीन/शीतकालीन क्रीड़ा मिनी गढ़देवा खेल प्रतियोगिता 2026 का शानदार समापन हो गया है। तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ में खिर्सू विकासखंड ने 102 अंकों के साथ ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि यमकेश्वर 87 अंकों के साथ उपविजेता और पौड़ी 62 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मंगलम फाउंडेशन ने पेश की सामाजिक सहभागिता की मिसाल

22 सितंबर से शुरू हुई इस मिनी गढ़देवा खेल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ सूबे के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया था। खेल के दौरान खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए ‘मंगलम फाउंडेशन‘ विशिष्ट और मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहा। संस्था की ओर से प्रतियोगिता के तीनों दिन खिलाड़ियों के लिए पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई और अंतिम दिन बच्चों को फ्रूटी वितरित की गई।

23 सितंबर को मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल रहीं संस्था की अध्यक्ष आशा डोभाल, उपाध्यक्ष बीना मेहरा, सचिव रमा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ऋतु शाह, सह सचिव आशा फरासी और सलाहकार संगीता फरासी सहित शकुंतला जैन, उषा फरासी, मनमीत कौर, शालिनी वर्मा व विमला रावत ने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की।

इन खिलाड़ियों ने हासिल की व्यक्तिगत चैम्पियनशिप

इस मिनी गढ़देवा खेल प्रतियोगिता 2026 के मैदान पर खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपना लोहा मनवाया, जिसमें निम्नलिखित खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत चैम्पियनशिप जीती:

सब जूनियर बालक वर्ग: विजय (दिव्य भारत पब्लिक स्कूल, गंगा भोगपुर, यमकेश्वर) – 100 मीटर व 600 मीटर दौड़ में प्रथम, लंबी कूद में द्वितीय।

प्राथमिक बालिका वर्ग: शानवी थपलियाल (सरस्वती बाल निकेतन, नैनीडांडा) – 50 मीटर व 100 मीटर में प्रथम, लंबी कूद में द्वितीय।

सब जूनियर बालिका वर्ग: राधिका (राजकीय जूनियर हाईस्कूल, खोलाचौरी) – 200 मीटर में प्रथम, 100 मीटर व लंबी कूद में द्वितीय।

अब देहरादून में चमकेगा पौड़ी का नाम

प्रतियोगिता की प्रचार-प्रसार समिति के महेश गिरि व नवीन डोभाल ने बताया कि मिनी गढ़देवा खेल प्रतियोगिता 2026 जैसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं। इस प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले होनहार खिलाड़ी 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम, देहरादून में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इनका रहा विशेष योगदान

समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी अत्रेय सयाना रहे, जिन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, आयोजक एवं संयोजक खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू, अश्वनी रावत ने इस मिनी गढ़देवा खेल प्रतियोगिता 2026 को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों का आभार जताया।

इस सफल आयोजन में मंगलम फाउंडेशन के साथ ही श्रीमती रश्मि बिष्ट, जितेन्द्र राय, जय दयाल चौहान, रेखा नेगी, अनीता गुसाईं, मुकेश बहुगुणा, सरफराज अहमद और विपिन गौतम ने विशेष सहयोग प्रदान किया। निर्णायक मंडल में कमल उप्रेती, प्रदीप रावत, ललित मोहन बिष्ट, नवीन नेगी, संजय टम्टा सहित कई खेल प्रेमियों ने मुख्य भूमिका निभाई। इसके अलावा उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज जुगराण और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ पौड़ी के अध्यक्ष भगत भण्डारी अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।