नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में कार्यरत उत्तराखंड मूल के पत्रकारों ने लंबे समय से चल रहे प्रयासों को साकार करते हुए उत्तराखंड मीडिया संगठन का गठन किया है। दक्षिणी दिल्ली के साउथ एक्स स्थित अल्मोड़ा भवन में रविवार 28 जून को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन रावत ‘जिज्ञासु’ को संगठन का अध्यक्ष तथा राजेश डंडरियाल को महासचिव चुना गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बैठक में बताया गया कि संगठन का उद्देश्य उत्तराखंड मूल के पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के हितों की रक्षा करना, उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहना तथा दिल्ली-एनसीआर में प्रवासी समाज के सामाजिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ उत्तराखंड की कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाना है।
संगठन की स्थापना को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार बैठकें आयोजित की जा रही थीं। पहले प्रेस क्लब और बाद में गढ़वाल भवन में आयोजित बैठकों में संगठन के संविधान (बायलॉज), पंजीकरण और कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई। वर्तमान में 30 से अधिक उत्तराखंड मूल के पत्रकार संगठन से जुड़ चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
संगठन की कार्यकारिणी में हरीश रावत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, योगेश भट्ट, ओंकार सिंह कोली, अमरचंद एवं पूनम बिष्ट को उपाध्यक्ष, दीप सिलोड़ी को सचिव, डी.एस. नेगी को कोषाध्यक्ष, विनोद मनकोटी को संगठन मंत्री, सतेंद्र नेगी को मीडिया प्रभारी, द्वारिका प्रसाद चमोली को प्रचार-प्रसार मंत्री तथा रूप सिंह गुसाईं को खेल एवं सांस्कृतिक मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं मनोज कोठारी, राजू बोहरा प्रज्ञा दत्त डबराल सहित अन्य सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
नवनियुक्त अध्यक्ष जगमोहन रावत ‘जिज्ञासु’ ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी आवाज बुलंद करने तथा संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा। उन्होंने दिल्ली-एनसीआर में कार्यरत सभी उत्तराखंड मूल के पत्रकारों से संगठन से जुड़ने का आह्वान भी किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन के विधिवत पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, ताकि संगठन को औपचारिक स्वरूप प्रदान किया जा सके। बैठक के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

