उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति द्वारा मेधावी छात्र उत्कृष्ट पुरस्कार सम्मान समारोह–2026 का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन
लोनी : उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति, राम पार्क विस्तार, लोनी (गाज़ियाबाद) द्वारा रविवार को आशीष फार्म हाउस, खानपुर मोड़ में “मेधावी छात्र उत्कृष्ट पुरस्कार सम्मान समारोह–2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, भारतीय सेना में चयनित युवाओं तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट (सी.ए.) की परीक्षा उत्तीर्ण कर समाज का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवाशक्ति, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
परिश्रम ही सफलता का वास्तविक आधार हैं
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, संरक्षक साहित्य लोकभाषा मंच दिल्ली, चेयरमैन डी.पी.एम.आई. (DPMI), दिल्ली प्रदेश भाजपा मंत्री एवं प्रख्यात समाजसेवी डॉ. विनोद बछेती जी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और निरंतर परिश्रम ही सफलता का वास्तविक आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, कठिन परिश्रम करने तथा माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होता है। इसके उपरांत उन्होंने अपने करकमलों से मेधावी विद्यार्थियों, भारतीय सेना में चयनित तीन युवाओं तथा सी.ए. दीपक जोशी सहित सभी सम्मानित प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
समाज सबसे बड़ी पूंजी
समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान वरिष्ठ सलाहकार आदरणीय श्री दिनेश पटवाल जी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि समाज की सबसे बड़ी पूँजी उसके शिक्षित, संस्कारित एवं प्रतिभाशाली बच्चे हैं। उन्होंने समिति द्वारा शिक्षा और प्रतिभा सम्मान के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।
अनुशासन एवं संस्कारों का महत्व
ज्योति विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल की प्रबंधक आदरणीया श्रीमती अनीता नेगी जी ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं संस्कारों का महत्व बताते हुए निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कठिन परिश्रम से ही लक्ष्य प्राप्ति
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से कक्षा 12वीं की छात्रा सिमरन गौसाई, जिन्होंने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम का संदेश दिया।
चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक जोशी ने अपनी संघर्षपूर्ण यात्रा साझा करते हुए विद्यार्थियों को बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन, आत्मविश्वास और धैर्य के साथ किया गया परिश्रम ही सफलता दिलाता है।
भारतीय सेना में चयनित हुए युवा एवं अभिभावक भी हुए सम्मानित
समारोह में भारतीय सेना में चयनित तीन युवाओं को भी सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि को पूरे समाज का गौरव बताते हुए उपस्थित जनसमूह ने उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर समिति द्वारा सम्मानित विद्यार्थियों के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक सफल विद्यार्थी के पीछे माता-पिता के त्याग, संस्कार और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि आदरणीया श्रीमती रुदामिनी गिरि जी अपरिहार्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सकीं, किन्तु उन्होंने अपना शुभकामना संदेश प्रेषित कर विद्यार्थियों एवं समिति को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन समिति के वरिष्ठ सलाहकार श्री देवेन्द्र सिंह नेगी जी एवं महासचिव श्री यशपाल सिंह नेगी जी ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रही इनकी अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष श्री मोहन सिंह मनराल जी, वरिष्ठ सलाहकार श्री मोहन सिंह बिष्ट जी, सचिव श्री राजेन्द्र सिंह रावत जी, प्रचार सचिव श्री नीरज चौधरी जी, मीडिया प्रभारी श्री शंकर सिंह बिष्ट जी, कोषाध्यक्ष श्री आनंद सिंह रावत जी, सह-कोषाध्यक्ष श्री संतोष चौहान जी, कार्यकारिणी सदस्य श्री सुरेन्द्र सिंह रावत जी, एफ-ब्लॉक उपाध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह गौसाई जी, श्री प्रदीप गौसाई जी, सलाहकार श्री महेन्द्र सिंह गौसाई जी, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती संगीता भट्ट जी, समाजसेवी श्रीमती मंजू उनियाल जी सहित समिति के सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, मातृशक्ति, युवाशक्ति एवं समाज के गणमान्य नागरिकों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
समिति के अध्यक्ष ने जताया आभार
अंत में समिति के अध्यक्ष श्री जयेंद्र नेगी ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहयोगियों एवं समाज के सभी सम्मानित नागरिकों का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति भविष्य में भी शिक्षा, प्रतिभा सम्मान, समाज सेवा एवं उत्तराखंड की संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
समारोह शिक्षा, संस्कार, प्रतिभा सम्मान, राष्ट्रसेवा और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी संदेश देकर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
